कागजी नहीं, धरातल पर हो योजनाओं का काम: कटिहार में बोले सांसद तारिक अनवर

प्रीतम चक्रवर्ती संवाददाता, कटिहार (बिहार): पूर्व केंद्रीय मंत्री सह कटिहार सांसद तारिक अनवर ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और देश की वर्तमान स्थिति पर तीखा हमला बोला। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि केवल कागजी घोड़े दौड़ाने से विकास नहीं होगा, बल्कि काम धरातल पर दिखना चाहिए। इसके लिए उन्होंने जिला स्तर पर विशेष निगरानी टीमों के गठन की पुरजोर मांग की।सांसद तारिक अनवर ने जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की दो घंटे की बैठक को अपर्याप्त करार देते हुए कहा कि इतने कम समय में सभी विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा संभव नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था और जीडीपी वृद्धि पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पहली तिमाही की 7.8 प्रतिशत जीडीपी दर को पूरे साल की उपलब्धि बताना जल्दबाजी है, जबकि आईएमएफ (IMF) का चालू वित्तीय वर्ष के लिए अनुमान 6.4 प्रतिशत है। उन्होंने लगातार बढ़ती महंगाई को लेकर भी प्रधानमंत्री पर निशाना साधा।इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली की एक बस में 16 वर्षीय किशोरी के साथ हुई दुष्कर्म की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए देश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की।इस प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव और जिला प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog