छतरपुर में 15 दिवसीय अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू, विधायक ललिता यादव ने अधिकारियों संग किया निरीक्षण
छतरपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर में 15 दिवसीय विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाया जाएगा, फुटपाथों को व्यवस्थित किया जाएगा तथा वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी।अभियान की शुरुआत से पहले छतरपुर विधायक ललिता यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान वे छत्रशाल चौराहे पहुंचीं, जहां अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान विधायक ललिता यादव ने अतिक्रमणकारियों से स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो नगरीय प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाएगा।उन्होंने कहा कि शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए यह अभियान आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सड़क किनारे बने अवैध कब्जों को हटाने के साथ-साथ पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ विकसित किए जाएंगे तथा वाहनों के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति सुरेंद्र चौरसिया, सीएमओ माधुरी शर्मा, कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह, सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोती, ओरछा रोड थाना प्रभारी दीपक यादव, यातायात प्रभारी बृहस्पति साकेत, अतिक्रमण प्रभारी आमिर खान सहित पुलिस एवं नगर पालिका का अमला मौजूद रहा।प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अभियान में सहयोग करें और सार्वजनिक मार्गों एवं फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाकर शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं यातायात के अनुकूल बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।


Comments
Post a Comment