सांसद प्रतिनिधि एवं प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों के हक की लड़ाई,अधिकारियों संग बैठक
कटिहार (बिहार): मनिहारी अनुमंडल के अमदाबाद प्रखंड में बाढ़ से त्रस्त लोगों की आवाज बनकर सामने आए सांसद प्रतिनिधि सह पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील कुमार यादव और अमदाबाद प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद वहाब ने संयुक्त रूप से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। दोनों नेताओं ने अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर पीड़ित परिवारों से सीधा संवाद किया, उनकी पीड़ा सुनी और सामुदायिक किचन में चल रही व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। सुनील कुमार यादव और मोहम्मद वहाब ने बाढ़ पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने की दिशा में प्रशासन को घेरते हुए अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। इस बैठक में उपसमाहर्ता भूमि सुधार (DCLR) रंजीत कुमार, अंचल पदाधिकारी (CO) अंदुजा भारती और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रणधीर कुमार मौजूद रहे।
बैठक में दोनों नेताओं ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट शब्दों में मांग रखी कि बाढ़ पीड़ितों के बीच सहायता राशि, पॉलिथीन शीट्स, सूखा राशन और मवेशियों के लिए चारे की आपूर्ति बिना किसी विलंब के सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि राहत कार्यों में किसी भी तरह की ढिलाई पीड़ितों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है।
इस पूरे अभियान में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सिकंदर मंडल, अशफाक मुखिया, चांद खान और जयप्रकाश यादव सहित कई स्थानीय नेता व कार्यकर्ता भी सुनील यादव और मोहम्मद वहाब के साथ डटे रहे और बाढ़ पीड़ितों तक राहत पहुंचाने के इस प्रयास में सक्रिय भूमिका निभाई।

Comments
Post a Comment