अंबेडकर प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा तोड़ा, गांव में तनाव
शरारती तत्वों पर प्रतिमा खंडित करने का आरोप, पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा, जांच शुरू
बहेड़ी। थाना क्षेत्र के ग्राम भिलैया में मंगलवार को शरारती तत्वों ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा टूटा मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी।
ग्राम भिलैया में गांव के बाहर सड़क किनारे करीब तीन बीघा भूमि पर अंबेडकर पार्क बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पार्क की चारदीवारी नहीं है। मंगलवार को ग्रामीणों ने प्रतिमा का दाहिना हाथ और चश्मा क्षतिग्रस्त देखा तो हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और प्रतिमा का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि ग्राम भिलैया स्थित अंबेडकर पार्क में लगी डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। घटना को अंजाम देने वाले शरारती तत्वों की तलाश की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
बरेली
ब्यूरो चीफ
मो यूनुस अंसारी

Comments
Post a Comment